17 से 28 अगस्त तक मइंगाई एवं बढ़ती बेरोजगारी के विरूद्ध कांग्रेस कार्यकर्ता केन्द्र सरकार के खिलाफ अभियान चलाएंगे

० संवाददाता द्वारा ० 

जयपुर । मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल मार्केटिंग करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल के नाम की मार्केटिंग कर नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए जबकि गुजरात में कोई मॉडल था ही नहीं, केवल गुमराह किया गया। उन्होंने कहा कि इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर मार्केटिंग की जा रही है जिसके लिए करोड़ों रुपये खर्च कर हजारों लोगों को कार्य सौंपा गया है। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने राष्ट्रध्वज फहराया। इस अवसर राजस्थान सरकार के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। 
भारत की स्वतंत्रता के 75वीं वर्षगाँठ के अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों को सम्बोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सैनानियों के संघर्ष एवं कुर्बानियों के फलस्वरूप देश को अंग्रेजों की गुलामी से आजादी प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के 75 वर्ष पूर्ण होने पर पूरा राष्ट्र अपने महान स्वतंत्रता सैनानियों के गौरव को कृतज्ञता के साथ याद कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के महान नेताओं ने जिस प्रकार आजादी की लड़ाई के दौरान राष्ट्रध्वज के सम्मान को बनाए रखने हेतु अंग्रेजी शासन की कठोर यातनाओं को सहन किया, उसी प्रकार कांग्रेस के कार्यकर्ता राष्ट्रध्वज के सम्मान में अपने जीवन को न्यौछावर करने से पीछे नहीं हटेंगे।आजादी की 75वीं वर्षगाँठ मनाने हेतु राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर प्रदेश के प्रत्येक जिले में 75 किलोमीटर की पदयात्रा कांग्रेसजनों द्वारा निकाली गई। आजादी की गौरव यात्रा के समापन के अवसर पर राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जयपुर के शहीद स्मारक पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि देश के स्वतंत्रता सैनानियों के त्याग एवं तपस्या के फलस्वरूप भारत आजाद हुआ है। उन्होंने कहा कि देश के महान स्वतंत्रता सैनानियों के बलिदान से प्राप्त आजादी के गौरव की याद में कांग्रेस पार्टी द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में 75 किलोमीटर की आजादी की गौरव यात्रा निकाली गई जिसकी शुरूआत बांसवाड़ा के मानगढ़ धाम की पावन धरती जहाँ 1500 वीरों ने स्वतंत्रता आंदोलन में जीवन का बलिदान दिया था, से प्रारम्भ हुई थी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रत्येक नेता एवं कार्यकर्ता ने अपने-अपने जिले में निकलने वाली आजादी की गौरव यात्रा में भाग लिया तथा गौरव के साथ राष्ट्रध्वज तिरंगा को अपने हाथ में लेकर प्रदेश के गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में संदेश पहुँचाया कि जिस तिरंगे की आन-बान-शान के लिए कांग्रेस के महान नेताओं ने महात्मा गाँधी की अगुवाई में स्वाधीनता की लड़ाई लड़ते हुए अंग्रेजी हुकुमत की अनेक यात्नाएं सहते हुए देश को गुलामी से मुक्ति दिलवाई उस तिरंगे को भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पं. जवाहर लाल नेहरू ने 1947 में पहली बार आजाद भारत में लाल किले पर फहराया था। उन्होंने कहा कि आजादी के वक्त देश में सुविधाओं का अभाव था

 स्कूल, कारखानें, उद्योग नहीं थे, केवल रजवाडे थे, ऐसे वक्त में पं. नेहरू ने अपनी दूरगामी सोच के साथ देश का निर्माण कार्यक किया तथा आज के आधुनिक भारत की नींव रखी थी। उन्होंने कहा कि पं. नेहरू ने सभी विचारधारा के नेताओं को अपने मंत्रिमण्डल में इस सोच के साथ शामिल किया था कि सभी मिल-जुल कर समृद्ध एवं सम्पन्न राष्ट्र का निर्माण करेंगे। उन्होंने कहा कि कालान्तर में सरकारें बदलती रही है किंतु किसानों के उत्थान हेतु हरित क्रांति, श्वेत क्रांति, विकास के लिए पंचवर्षीय योजनाएं, जन कल्याण हेतु मनरेगा व खाद्य सुरक्षा अधिनियम जैसे निर्णय, पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गाँधी, स्व. राजीव गाँधी व यूपीए की सरकारों ने जनहित में लिए, जिस कारण देश के तिरंगे का मान विश्व में बढ़ा एवं भारत का नाम दुनिया में सम्मान के साथ लिया जाता है।

उन्होंने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगाँठ का जश्न मनाने के साथ कांग्रेस कार्यकर्ता केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के कारण देश में बढ़ती महँगाई एवं बेरोजगारी के खिलाफ अभियान चलाकर केन्द्र सरकार जो कान में रूई डालकर बैठी है तक जनता की पीड़ पहुँचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि 17 से 28 अगस्त, 2022 तक मइंगाई एवं बढ़ती बेरोजगारी के विरूद्ध कांग्रेस कार्यकर्ता केन्द्र सरकार के खिलाफ अभियान चलाएंगे। उन्होंनं कहा कि इस अभियान के तहत् कांग्रेस कार्यकर्ता दिनांक 17 अगस्त से गाँव-गाँव, ढाणी-ढाणी जाकर जनता के मध्य केन्द्र सरकार की विफलताओं का ऊजागर करेंगे तथा दिनांक 28 अगस्त, 2022 को महँगाई के विरूद्ध अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा दिल्ली में आयोजित होने वाली रैली में लाखों की संख्या में राजस्थान से कांग्रेस कार्यकर्ता भाग लेकर केन्द्र सरकार को चेतावनी देंगे कि कांग्रेस कार्यकर्ता महँगाई कम करवा कर रहेंगे तथा मोदी को हटा कर रहेंगे। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता महँगाई के विरूद्ध आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे, ईडी, सीबीआई से डरे बिना कांग्रेस कार्यकर्ता एवं नेता केन्द्र की भाजपा सरकार के विरूद्ध अपना संघर्ष जारी रखेंगेे, क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ता उस विरासत के वाहक है जिसमें कांग्रेस के महान नेताओं ने सीने पर गोली खाना मंजूर किया लेकिन तिरंगे की शान को कायम रखा और देश को आजाद करवाया। उन्होंने कहा कि देश की एकता व अखण्डता को बरकरार रखने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री स्व. इन्दिरा गाँधी व स्व. राजीव गाँधी ने अपने जीवन को बलिदान कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के इन महान नेताओं के सपनों को कांग्रेस कार्यकर्ता पूर्ण करेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को लाभ देने के लिए राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने एक से बढक़र एक जन कल्याणकारी योजनाएं बनायी है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के गुड गर्वनेन्स की चर्चा पूरे देशभर में है। राजस्थान सरकार ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, पानी के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास कार्य करवाते हुए युवा, महिला एवं किसान सहित सभी वर्गों के लिए उत्कृष्ट कार्य किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता केन्द्र की भाजपा सरकार की गलत नीतियों के विरूद्ध लगातार सडक़ों पर संघर्ष कर रहे है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ठान लिया है कि देश से महँगाई तथा केन्द्र की सत्ता से भाजपा को हटाए बिना दम नहीं लेंगे।

इस अवसर पर सभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल मार्केटिंग करने का कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि गुजरात मॉडल के नाम की मार्केटिंग कर नरेन्द्र मोदी प्रधानमंत्री बन गए जबकि गुजरात में कोई मॉडल था ही नहीं, केवल गुमराह किया गया। उन्होंने कहा कि इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल कर भाजपा द्वारा सोशल मीडिया पर मार्केटिंग की जा रही है जिसके लिए करोड़ों रुपये खर्च कर हजारों लोगों को कार्य सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है तथा इलेक्टोरल बॉण्ड जारी कर भारतीय जनता पार्टी अपना खजाना भर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाषण देते है कि दुनियाभर में उनका सम्मान हो रहा है इसका कारण यह है कि महात्मा गाँधी, पं. नेहरू, सरदार पटेल जैसे महान नेताओं ने जो कार्य किए उसके फलस्वरूप सम्मान मिल रहा है। 

उन्होंने कहा कि केन्द्र के कार्यक्रम देश एवं युवाओं के लिए समर्पित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन में भगत सिंह, खुदीराम बोस हँसते-हँसते फाँसी चढ़ गए तथा पं. जवाहर लाल नेहरू 12 वर्ष तक जेल में रहे किन्तु केन्द्र सरकार के कार्यक्र्रमों में महान नेताओं के त्याग एवं बलिदान का जिक्र नहीं होता है। उन्होंने कहा कि पं. जवाहर लाल नेहरू जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने देश में बड़े-बड़े बाँध व कल-कारखाने स्थापित किए थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 1929 में लाहौर में पहली बार पं. नेहरू ने तिरंगा झण्डा फहराया और आह्वान किया था कि अब यह झण्डा झुकना नहीं चाहिए। पं. नेहरू के इस आह्वान को समस्त देशवासियों ने अंगीकार किया और आजादी की लड़ाई में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि आज केन्द्र सरकार केवल इवेन्ट आयोजित करने का कार्य करती है किसी महान नेता की बात नहीं करती है जिस कारण हमारे महान नेताओं तथा प्रदत्त संदेश जनता तक नहीं पहुँच रहा है।

उन्होंने कहा कि आज लाल किले से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की बात कर रहे थे। श्री गहलोत ने प्रधानमंत्री को सुधाव देते हुए कहा कि यदि देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार करना है तो राजस्थान के मॉडल को केन्द्र सरकार अपनाएं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आईपीडी, ओपीडी तो नि:शुल्क है ही साथ में प्रदेश के समस्त निवासियों के लिए मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना लागू कर 10 लाख रुपये तक नि:शुल्क ईलाज का प्रावधान किया गया है साथ ही बीमा धारक को 5 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा अलग से प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि कॉकलियर इम्प्लांट, लीवर ट्रांसप्लांट, किडनी चिकित्सा जैसी गम्भीर बीमारियों के खर्च को राजस्थान सरकार वहन करती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को भागीदार बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को राजनैतिक कार्यकर्ता से पहले सामाजिक कार्यकर्ता बनना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गाँधी तथा कांग्रेस नेता श्री राहुल गाँधी पर केन्द्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं के माध्यम से हमले इसलिए करवा रही है कि भाजपा ने देश में कांग्रेस मुक्त का नारा दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का भाजपा का सपना केवल सपना ही रह जाएगा, क्योंकि देश से कांग्रेस इसलिए मुक्त नहीं हो सकती कि भारत का डीएनए एवं कांग्रेस का डीएनए एक है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी लोकतंत्र, समाजवाद एवं धर्मनिरपेक्षता को नहीं छोड़ा किंतु भाजपा को यह समझ नहीं आ रहा कि धर्मनिरपेक्षता से ही देश को चलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि धर्म के आधार पर बना पाकिस्तान भाषा के आधार पर टूट गया। उन्होंने कहा कि सबको साथ लेकर आगे बढऩा होता है वरना रूस का उदाहरण सबके समक्ष है जहाँ 15-16 देश टूटकर बन गए। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने आर.एस.एस. पर प्रतिबंध लगा दिया था तब माफी माँगते हुए आर.एस.एस. ने राजनीतिक गतिविधियों में भाग ना लेने का वचन दिया था तथा केवल सांस्कृतिक गतिविधियाँ करना स्वीकार किया था। 

उन्होंने कहा कि आर.एस.एस. को यदि सांस्कृतिक गतिविधियां करनी है तो देश से छूआछूत जैसी कुप्रथाओं को मिटाने का कार्य करें और दलितों तथा अन्य जातियों के मध्य खाई पाटने का कार्य करें ना कि धर्म के आधार पर समाज को बांटने का काम करें। उन्होंने कहा कि इंसान का पेट रोटी से भरता है जिसके लिए रोजगार चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी के जीवनयापन में महँगाई बहुत बड़ी बाधा बनी हुई है किंतु भारतीय जनता पार्टी की केन्द्र सरकार इन मुद्दों पर बात करने के बजाए हिन्दू-मुस्लिम के आधार पर चुनाव लड़ती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कोई भी हथकण्डा अपना ले अंतिम जीत कांग्रेस पार्टी की ही होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी कांग्रेस पर संकट आया है

 किंतु अपने कार्यकर्ताओं की ताकत एवं संघर्ष की बदौलत कांग्रेस फिर उठ खड़ी होती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ता देश सेवा करते हुए केन्द्र सरकार की गलत नीतियों के विरूद्ध आंदोलन व अभियान चलाते रहेंगे तथा केन्द्र की सत्ता से फासीवादी ताकतों को हटाकर ही दम लेंगे।सभा को समाज कल्याण बोर्ड अध्यक्ष डॉ. अर्चना शर्मा, आरटीडीसी चेयरमेन धर्मेन्द्र सिंह राठौड़, विधायक रफीक खान ने भी सम्बोधित किया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"मुंशी प्रेमचंद के कथा -साहित्य का नारी -विमर्श"

गांधी जी का भारतीय साहित्य पर प्रभाव "

बेफी व अरेबिया संगठन ने की ग्रामीण बैंक एवं कर्मियों की सुरक्षा की मांग

वाणी का डिक्टेटर – कबीर

राजस्थान चैम्बर युवा महिलाओं की प्रतिभाओं को पुरस्कार