हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की तारीख का हुआ एलान

० आनंद चौधरी ० 
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के तारीखों का ऐलान हो गया है। नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में निर्वाचन आयोग द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने तारीखों का ऐलान किया। उम्मीदवार अपना नामांकन 25 अक्टूबर तक कर सकते हैं। नामांकन वापसी 29 अक्टूबर तक लिया जा सकता है। मतदान 12 नवंबर को होगा। नतीजे 8 दिसंबर को घोषित किए जायेंगे। नतीजे मतदान के 26 दिन बाद क्यों घोषित किए जायेंगे, इसका कोई बेहतर ज़बाब नही दिया गया। अभी सिर्फ हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी की गई है। गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखें दीपावली के बाद तय की जाएगी।
नए वोटर नामांकन तक, यानि 25 अक्टूबर तक अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकते हैं। सभी मतदान केन्द्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा। हर बूथ की वीडियोग्राफी करवाई जायेगी।80 साल से अधिक उम्र के मतदाता एवं कोरोना या अन्य बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को घर बैठे मतदान की सुविधा दी जाएगी। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में लगभग 1.22 लाख मतदाताओं की उम्र 80 वर्ष में अधिक है। इसके अलावा 1184 मतदाताओं की उम्र सौ वर्ष से अधिक है।

चुनाव आयोग फ्री स्कीम की घोषणाओं पर व्यापक नजर रखने वाला है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के अनुसार इस बार निगरानी ज्यादा मुस्तैद एवं व्यापक होगी।चुनाव में फ्री स्कीम का मामला सर्वोच्च न्यायालय में लंबित है। चुनाव आयोग ने न्यायालय में कहा था कि मुफ्त की परिभाषा तय नहीं होने की वजह से इस पर रोक लगाने में मुश्किल होती है। महिलाओं के लिए अलग से, सभी आवश्यक सुविधा युक्त, अलग मतदान केंद्र बनाया जायेगा, जहां सभी चुनाव कर्मचारी भी महिला होंगी।

दिव्यांगो के लिए मतदान केंद्र पर व्हील चेयर के साथ ही मतदान की अलग व्यवस्था की जाएगी।चुनाव में पैसे, या किसी भी अन्य तरीके से प्रलोभन दिया जाता है तो नागरिक इसकी सूचना केंद्रीय चुनाव आयोग को सी विजिल (C-vigil) ऐप पर दे सकते हैं। उम्मीदवारों का व्यक्तिगत एवं अपराधिक जानकारी चुनाव आयोग के ऐप से हासिल किया जा सकता है। वहीं चुनाव आयोग के आदेशानुसार सभी उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत, अपराधिक एवं कुल संपत्ति का विवरण प्रचार अवधि के दौरान अखबारों एवं सूचना के अन्य माध्यमों पर, 3 विभिन्न अवसरों पर सूचना प्रकाशित करना होगा।

इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों पर निगरानी रखने के लिए सभी जिलाधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का कार्यकाल 8 जनवरी 2023 को समाप्त होगा। हिमाचल प्रदेश में विधानसभा की कुल 68 सीटें हैं। इनमे 17 सीटें अनुसूचित जाति एवं 3 अनुसूचित जन जाति के लिए आरक्षित है। कुल मतदाता करीब 55 लाख है, जिसमे से करीब 1.86 लाख मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। कुल 7881 मतदान केंद्र होंगे जिनमें 142 मतदान केंद्र महिलाओं द्वारा संचालित किया जायेगा।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"मुंशी प्रेमचंद के कथा -साहित्य का नारी -विमर्श"

गांधी जी का भारतीय साहित्य पर प्रभाव "

बेफी व अरेबिया संगठन ने की ग्रामीण बैंक एवं कर्मियों की सुरक्षा की मांग

प्रदेश स्तर पर यूनियन ने मनाया एआईबीईए का 79वा स्थापना दिवस

वाणी का डिक्टेटर – कबीर