26 जनवरी से दो माह तक हाथ से हाथ जोड़ो अभियान चलाएगी राजस्थान कांग्रेस कमेटी

० आशा पटेल ० 
जयपुर, । अभियान का उद्देश्य केन्द्र सरकार की विफलताओं को जन-जन तक पहुॅंचाना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर प्रचार-प्रसार करेंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नेताओं एवं कार्यकर्ताओं से समन्वय के लिये सभी 33 जिलों में निगम/बोर्डों/आयोगों के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्षों को जिला समन्वयक नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी एवं राजस्थान सरकार के मंत्रीगण अपने प्रभार वाले जिलों में जाकर अभियान की निगरानी करेंगे तथा अपने प्रभार जिलों के सभी ब्लॉकों में अभियान के तहत् उपस्थित होंगे, जिसकी सूचना प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को सौंपी जायेगी।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सफल भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार में 26 जनवरी से दो माह तक चलने वाले हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की तैयारियों हेतु राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठक प्रदेशाध्यक्ष श्री गोविन्द सिंह डोटासरा की अध्यक्षता में पीसीसी वार रूम 7, अस्पताल रोड, जयपुर पर सम्पन्न हुई। बैठक में राजस्थान प्रभारी सुखजिन्द्र सिंह रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, अभियान हेतु नियुक्त प्रदेश प्रभारी आर. सी. खुटिया सहित राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारीगण, विधानसभा चुनाव 2018 में रहे पार्टी प्रत्याशीगण, लोकसभा चुनाव-2019 में रहे पार्टी प्रत्याशीगण, वर्तमान/निवर्तमान जिलाध्यक्षगण, अग्रिम संगठनों के प्रदेशाध्यक्षगण तथा हाथ से हाथ जोड़ो अभियान हेतु जिला समन्वयकगण शामिल हुये।
बैठक को सम्बोधित करते हुये राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा ने कहा कि  राहुल गॉंधी के नेतृत्व में निकल रही भारत जोड़ो यात्रा को पूरे देश में जबरदस्त समर्थन मिल रहा है तथा राजस्थान में यात्रा अभूतपूर्व रही है। उन्होंने कहा कि जब से भारत जोड़ो यात्रा प्रारम्भ हुई भाजपा के नेताओं को सांप सूंघ गया है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का कोई विकल्प भाजपा को नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि 18 दिन तक प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा निकली जिसमें कांग्रेस पदाधिकारीगण, मंत्रीगण, विधायकगण सहित सभी कांग्रेसजनों ने बढ़-चढक़र भाग लिया, जिसकी चर्चा पूरे देश में हो रही है। 

उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदत्त जिम्मेदारियों एवं अपेक्षाओं पर प्रत्येक कांग्रेसजन के कार्यकर्ताओं को खरा उतरना है, इसलिये हाथ से हाथ जोड़ो अभियान जो कि निचले स्तर से प्रारम्भ होगा तथा दो माह तक सभी ब्लाकों में हर बूथ पर चलेगा, को सफल बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के तहत् कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव, ढाणी-ढाणी, घर-घर जाकर भारत जोड़ो यात्रा के उद्देश्यों जैसे बेरोजगारी, बढ़ती मंहगाई एवं संवैधानिक संस्थाओं के दुरूपयोग के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायेंगे। उन्होंने कहा कि दूसरा उद्देश्य राजस्थान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पर्चे वितरित कर आमजनता को योजनाओं के लाभ से अवगत कराना होगा। साथ ही गांव-गांव, ढाणी-ढाणी में आम लोगों से चर्चा कर क्षेत्रीय समस्याओं को निराकरण कराना होगा। 

 डोटासरा ने कहा कि डिजीटल सदस्यता अभियान के तहत् पार्टी से जुड़े सदस्यों का एक डाटा प्रभारी मंत्री एवं पदाधिकारियों को सौंपा जायेगा तथा डिजीटल सदस्यता अभियान के तहत् नियुक्त चीफ एनरोलर भी हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को आश्वस्त करती है कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी निष्ठा व लगन के साथ अभियान को सफल बनायेंगे तथा आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेश में पुन: कांग्रेस की सरकार बनायेंगे। बैठक को राजस्थान प्रभारी  सुखजिन्द्र सिंह रंधावा ने सम्बोधित करते हुये कहा कि कांग्रेस को आज भाजपा के झूठे प्रचार, मीडिया पर लगाये गये अंकुश तथा भाजपा नेताओं के लच्छेदार भाषणों का मुकाबला करना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समक्ष एक कठिन लड़ाई है जिसे सभी नेताओं को आपसी मतभेद भुलाकर लडऩा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी में पूर्व में भी संकट आये हैं,

किन्तु हमेशा कांग्रेस पार्टी पुन: मजबूती के साथ देश के लिये खड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि वक्त है पार्टी की सेवा करने का। उन्होंने उदाहरण दिया कि जब उन्हें पंजाब में पार्टी का टिकिट मिला तो उनके पिता ने राजनीति छोड़ दी थी। उन्होंने कहा कि सभी को मौका मिलना चाहिये और मिल बांटकर काम करते हुये संगठन को मजबूत करना चाहिये। उन्होंने कहा कि संगठन सर्वोपरि है, यदि कोई संगठन से ऊपर स्वयं को समझे तो पार्टी को ऐसे नेता की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी को पार्टी के लिये काम करना पड़ेगा, यदि पार्टी के लिये समय नहीं दे सकते तो ऐसे नेता अपने घर बैठ जायें। उन्होंने कहा कि पार्टी में काम करने वाले नेताओं को ही आगे बढ़ाया जायेगा तथा पार्टी का काम करने वाले नेताओं को आगामी चुनावों में टिकिट मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन सर्वोपरि है,

अनुशासन के तहत् ही सभी नेता व कार्यकर्ता कार्य करें। उन्होंने कहा कि जब भी प्रभारी मंत्री अपने प्रभार वाले जिलों के दौरे पर जायें तो उनके कार्यक्रम की सूचना संगठन के माध्यम से लेकर आकस्मिक रूप से वे स्वयं बैठकों में शामिल होंगे तथा सुनिश्चित करेंगे कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को उचित मान-सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को मान-सम्मान देकर ही संगठन मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शीघ्र ही चुनाव होने वाले है, इसलिये हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाने का यही उचित समय है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बैठक को सम्बोधित करते हुये कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार हेतु अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने बहुत ही शानदार अभियान तय किया है। उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष  मल्लिकार्जुन खडग़े ने संचालन समिति की बैठक में जब यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया तब सोनिया गॉंधी भी बैठक में मौजूद थी। उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष खडग़े ने कहा है कि पदाधिकारियों एवं नेताओं का हर छ: महिने में मूल्यांकन किया जाये। उन्होंने कहा कि देश संकट के दौर से गुजर रहा है, ऐसे में  राहुल गॉंधी एक आशा की किरण के रूप में नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार के रूप में हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को सफल बनाकर सभी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को पार्टी धर्म निभाना चाहिये। 

उन्होंने कहा कि भाजपा 50 साल राज करने का सपना देख रही है, किन्तु भारत जोड़ो यात्रा तथा इसके विस्तार में चलाये जा रहे हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के द्वारा भाजपा को 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में मुंह की खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी, विधायक, निगम/बोर्डों के चेयरमेन, प्रधान, सरपंच एकजुट होकर हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को सफल बनाने के काम में जुट जायें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये कार्य की सम्पूर्ण जानकारी संगठन के पास रहती है, जो पार्टी के लिये कार्य करेगा, वही राजनीति में सफल होगा। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में पुन: सरकार बनानी है तो संगठन को मजबूत करना होगा, इसके लिये सभी नेता एवं कार्यकर्ता समय-समय पर चलाये जा रहे पार्टी के अभियानों में अपना सम्पूर्ण योगदान दें। 

उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का धर्म बनता है कि ईमानदारी के साथ अभियान को सफल बनाने हेतु बूथ स्तर तक जाकर कार्य करें तथा सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की जानकारी पर्चे माध्यम से आमजन तक पहुॅंचाये। उन्होंने कहा कि सरकार के विरूद्ध कोई लहर नहीं है तथा प्रदेश सरकार के कार्यों से प्रभावित होकर जनता पुन: कांग्रेस को जिताना चाहती है। उन्होंने कहा कि जो जनता के बीच रहेगा, वही पुन: जीतकर आयेगा। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चुनाव से पूर्व ही अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर से जुडऩे का मौका मिला है। उन्होंने कहा कि देश का डीएनए तथा कांग्रेस का डीएनए एक है, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ही देश में संविधान की रक्षा करती है। उन्होंने कहा कि श्री राहुल गॉंधी प्रेम और भाईचारे की बात करते हैं क्योंकि देश में अत्यधिक तनाव का माहौल है। 

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही देश को एक रख सकती है। उन्होंने कहा कि स्व. इंदिरा गॉंधी, स्व. राजीव गॉंधी, स्व.  बेअंत सिंह ने देश को एक रखने के लिये अपने जीवन को कुर्बान कर दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गॉंधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकालकर देश में एक नया माहौल बनाया है तथा भाजपा द्वारा करोड़ो रूपये खर्च कर राहुल गॉंधी की छवि को धूमिल करने का जो प्रयास किया गया था उसका जवाब भारत जोड़ो यात्रा के माध्यम से दिया गया है। उन्होंने कहा कि आलाकमान ने हमेशा राजस्थान को तरजीह दी है, इसलिये राजस्थान के सभी कांग्रेसजनों को आलाकमान की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने कहा कि हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सफलता कांग्रेस के हित में है, क्योंकि अभियान की सफलता विधानसभा चुनावों में सफलता को सुनिश्चित करेगी।

हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के प्रदेश प्रभारी आर. सी. खुटिया ने बैठक को सम्बोधित करते हुये कहा कि राजस्थान सरकार ने किसानों के लिये अलग से बजट, चिकित्सा के क्षेत्र में मुख्यमंत्री चिरंजीवी योजना एवं कर्मचारियों के लिये ओपीएस योजना लागू कर बड़े-बड़े फैसले लिये हैं जिनकी चर्चा पूरे भारत में हो रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में भारत जोड़ो यात्रा का बेहद सफल आयोजन हुआ जिसकी चर्चा पूरे देश में है। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के विस्तार के लिये निर्धारित कार्यक्रम हाथ से हाथ जोड़ो अभियान को सफल बनाने के लिये सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता जुट जायें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अभियान को सफल बनाने हेतु जिला समन्वयकों के साथ ब्लॉक समन्वयक भी नियुक्त किये जायें तथा सभी कार्यक्रम समय सीमा निर्धारित कर पूरे किये जायें।

 उन्होंने कहा कि दो माह तक चलने वाले हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की सफलता कांग्रेस पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान में विधानसभा चुनावों हेतु कम समय बचा है, किन्तु हाथ से हाथ जोड़ो अभियान के माध्यम से सभी नेताओं को अपने-अपने क्षेत्रों में जनता के बीच जाकर कार्य करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता पार्टी की मजबूती के लिये कार्य करें तथा वे स्वयं भी अभियान के तहत् पूरे दो महिने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच ही रहेंंगे। उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर से 26 जनवरी, 2023 से प्रारम्भ होने वाले इस अभियान में मुख्यमंत्री, प्रदेशाध्यक्ष तथा सभी विधायक एवं मंत्रीगण ब्लॉकों के कार्यक्रमों में उपस्थित रहें।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"मुंशी प्रेमचंद के कथा -साहित्य का नारी -विमर्श"

गांधी जी का भारतीय साहित्य पर प्रभाव "

बेफी व अरेबिया संगठन ने की ग्रामीण बैंक एवं कर्मियों की सुरक्षा की मांग

वाणी का डिक्टेटर – कबीर

राजस्थान चैम्बर युवा महिलाओं की प्रतिभाओं को पुरस्कार