धर्मेंद्र प्रधान करेंगे नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले का उद्घाटन

० आनंद चौधरी ० 
दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले नौ दिवसीय नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले का शुभारंभ 10 फरवरी को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान करेंगे।
नई दिल्ली। कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित प्रेस वार्ता में नेशनल बुक ट्रस्ट, के निदेशक युवराज मलिक ने 10 फरवरी से 18 फरवरी तक आयोजित होने वाले विश्व पुस्तक मेले की संपूर्ण जानकारी देते हुए कहा, ''विश्व का सबसे बड़ा पुस्तक मेला केवल एक आयोजन नहीं है, यह एक उत्सव है, जिसमें पाठकों को पुस्तकों के साथ—साथ भारत की विविध संस्कृति और लोककला की झलक देखने को मिलेगी। इस बार 1000 से अधिक प्रकाशक इसमें शामिल हो रहे हैं।
फेस्टीवल ऑफ फेस्टीवल्स में अहमदाबाद साहित्य महोत्सव, सिनेमा दरबार, भारत साहित्य महोत्सव, प्रगति विचार इन सभी के प्रतिनिधियों को विश्व के सबसे बड़े पुस्तक मेले में आमंत्रित किया गया है। वे विश्व पुस्तक मेले के मंच से साहित्यिक, सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित कर सकते हैं और पुस्तकों का विमोचन भी कर सकते हैं। 40 से ज्यादा देशों के प्रकाशक एवं प्रतिनिधि विश्व पुस्तक मेले में शामिल हो रहे हैं। यह बीटूसी स्तर का सबसे बड़ा पुस्तक मेला है। विश्व की लगभग सभी भाषाओं के प्रतिनिधि यहाँ पाठकों को मिलेंगे।''

विश्व पुस्तक मेले में इस बार बहुत कुछ खास रहेगा। ई- लर्निंग के प्रति उत्साह को देखते हुए नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी की शुरुआत की जाएगी। बच्चों के लिए ई- जादुई पिटारा विश्व पुस्तक मेले में ही देश को समर्पित किया जाएगा। इंदिरा गांधी नेशनल सेंटर फॉर आर्ट, 'इंडिया द मदर ऑफ डेमोक्रेसी' पर विशेष प्रदर्शनी का आयोजन करेगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित प्रकाशन जगत के सीईओ स्पीक का आयोजन 11 फरवरी को होगा। 11 से 12 फरवरी नई दिल्ली राइट्स टेबल का आयोजन होगा। 

इस बार जम्मू कश्मीर, लददाख और भारत के अलग, अलग हिस्सों से बैंड आ रहे हैं, जो विश्व पुस्तक मेले में साहित्यिक बेला की रौनक बढ़ाएँगे। प्रगति मैदान के हॉल संख्या 1 से 5 में आयोजित इस पुस्तक मेले में पाठकों को हॉल संख्या 1 में विज्ञान, मानविकी और दर्शन की पुस्तकें मिलेंगी। हॉल 2 में भारतीय भाषाओं के लेखक विभिन्न साहित्यिक विषयों, पुस्तकों एवं विधाओं पर बात करेंगे। इसके लिए लेखक मंच बनाया गया है। हॉल 3 बच्चों के लिए है, जिसमें बच्चों से जुड़े हर विषय की पुस्तकें, स्टेशनरी, कला एवं शिल्प आदि सामग्री उपलब्ध होगी। बालमंडप में बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों की व्यवस्था होगी।

 हॉल 4 में अंतरराष्ट्रीय गतिविधियों आयोजित होंगी और हॉल 5 थीम मंडप का है। इस बार की थीम है "बहुभाषी भारत : एक जीवंत परंपरा, जिसको ध्यान में रखते हुए विश्व पुस्तक मेले में हर आयु वर्ग के लिए हर भाषा की पुस्तकें उपलब्ध रहेंगी। थीम पर बात करते हुए नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया के अध्यक्ष प्रोफेसर मिलिंद सुधाकर मराठे ने बताया, ''भारत भाषाओं से समृद्ध देश है। अनुसूची 8 में 22 भाषाएँ बताई गई हैं, लेकिन यहाँ भाषाओं, बोलियों की कोई सीमा नहीं है। 

एक शब्द आपको अलग, अलग भाषाओं में मिलेगा। भारतीय भाषाओं में पूरे विश्व का ज्ञान मिल जाता है। इसमें साहित्य की अहम भूमिका है। इस बार के विश्व पुस्तक मेले में भाषाओं का साहित्यिक जश्न मनाया जाएगा।'' सम्मानित अतिथि देश सऊदी अरब की तरफ से द लिटरेचर, पब्लिशिंग एंड ट्रांसलेशन कमीशन के पब्लिशिंग जनरल मैनेजर डॉ. अब्दुल् लतीफ अल्वसिल और आईटीपीओ (प्रगति मैदान ) की जनरल मैनेजर श्रीमती हेमा मैती भी उपस्थित थी।

डॉ. अब्दुल् लतिफ अल्वसिल ने नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले के प्रति उत्साह व्यक्त करते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाठकों को सऊदी अरब के प्रचुर साहित्य के साथ, साथ 16 विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों का आनंद लेने का भी अवसर मिलेगा। इस साहित्यिक उत्सव से भारत और सऊदी अरब के बीच ऐतिहासिक धरोहर, भाषा और संस्कृति की समझ को बढ़ावा मिलेगा और भारत व सऊदी अरब के अंतरराष्ट्रीय संबंध और भी प्रगाढ़ होंगे।

पुस्तक प्रेमी, प्रगति मैदान के प्रवेश द्वार चार, छः और दस का उपयोग करते हुए प्रवेश कर सकेंगे। नजदीकी मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट है। प्रगति मैदान के द्वार संख्या दस से मेला स्थल के शटल सेवा उपलब्ध कराई गई है। दिव्यांगजनों के लिए द्वार संख्या चार और आठ से व्हीलचेयर की सुविधा होगी। कुल 20 मेट्रो स्टेशनों पर टिकट विक्रय केंद्र बनाए गए हैं, 

जहां से बच्चों के लिए दस रुपए एवं वयस्कों के लिए 20 रुपए की दर से टिकट खरीद सकते है। यूनिफॉर्म में स्कूली बच्चों, स्कूल द्वारा आयोजित शैक्षणिक भ्रमण पर आए बच्चों के अलावा दिव्यांगजनोंं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रवेश निशुल्क है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"मुंशी प्रेमचंद के कथा -साहित्य का नारी -विमर्श"

गांधी जी का भारतीय साहित्य पर प्रभाव "

“द ग्रेट इंडियन ट्रेवल बाजार 2024“ का आयोजन 5 से 7 मई जयपुर में

इशरे का बिल्डिंग सेक्टर में स्थिरता को बनाये रखने हेतु हुआ सम्मेलन

वाणी का डिक्टेटर – कबीर