अब भी मैली ही है भगीरथ की गंगा

० ज्ञानेन्द्र रावत ० 
पतितपावनी, मोक्षदायिनी और जीवनदायिनी गंगा आज भी मैली है और अपने ताड़नहार की प्रतीक्षा में है कि कब कोई भगीरथ आयेगा और उसे जानलेवा प्रदूषण से मुक्ति दिलायेगा। असलियत यह है कि गंगा का जल अब पुण्य का नहीं वरन् मौत का सबब बन गया है। यदि 1986 से गंगा की सफाई पर सरकार द्वारा किये गये खर्च को छोड़ भी दिया जाये तो देश में 2014 में मोदी जी के सत्तारूढ़ होने के बाद से केन्द्र ने 32,914,40 करोड़ रुपये के बजट के साथ 409 परियोजनाएं शुरू की हैं,

 सरकार ने नेशनल मिशन फार क्लीन रिवर गंगा को 2014-15 से 31 जनवरी 2023 तक 14084.72 करोड की राशि रिलीज की है, 31 दिसम्बर 2022 तक 32,912,40 करोड़ की लागत से 409 प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया जा चुका है। इनमें 232 प्रोजेक्ट पूरे हो चुके हैं और 2026 तक के लिए केन्द्र सरकार ने 22,500 करोड़ की राशि की स्वीकृति भी दे दी है। यह जानकारी केन्द्रीय जल संसाधन राज्यमंत्री श्री विशेश्वर टुडु संसद में दे चुके हैं। उसके बावजूद गंगा नदी की सफाई का मुद्दा इतने सालों बाद आज भी अनसुलझा है और गंगा अपने ताड़नहार की बाट जोह रही है।

सबसे दुखदायी बात तो यह है कि गंगा के पूरे बहाव क्षेत्र के 71 फीसदी इलाके में कोलिफार्म की मात्रा खतरनाक स्तर पर पायी गयी है। यह हालात की भयावहता का सबूत है। इसकी पुष्टि तो केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड भी कर चुका है। जहां तक नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल का सवाल है, उसके मुताबिक भी गंगा के 60 फीसदी हिस्से में बिना किसी ट्रीटमेंट के सीधे गंदगी बहायी जा रही है। इसका परिणाम यह है कि गंगा का जल पीना तो दूर, वह अब आचमन लायक भी नहीं रह गया है।

मौजूदा हालात में गंगा जल को देश में चार जगहों यथा ऋषिकेश (उत्तराखण्ड), मनिहारी व कटिहार (बिहार), साहेबगंज व राजमहल (झारखण्ड) में ग्रीन कैटेगरी में रखा गया है। गौरतलब है कि ग्रीन कैटेगरी का मतलब यह है कि वहां का पानी कीटाणुओं को छानकर पीने में इस्तेमाल किया जा सकता है। जबकि उत्तर प्रदेश में तो कई एक यानी 25 जगहों से ज्यादा का पानी ग्रीन कैटेगरी में शामिल है ही नहीं। इन जगहों पर गंगा जल को हाई लेवल पर साफ करने के बाद ही पीने योग्य बनाया जा सकता है। 28 जगहों का पानी तो नहाने लायक ही नहीं है।

 उत्तर प्रदेश की सात जगहों यानी कानपुर में जाजमऊ, कानपुर डाउन स्ट्रीम, मिरजापुर डाउन स्ट्रीम, चुनार, मालवीय पुल पर वाराणसी डाउन स्ट्रीम, गोमती नदी गुमौला और गाजीपुर में लारीघाट इसमें प्रमुख रूप में शामिल हैं। इसका सबसे ज्यादा और अहम कारण सालिड और लिक्विड वेस्ट है जो सीधे सीथे गंगा में गिराया जा रहा है। यूनीवर्सिटी आफ शिकागो के एनर्जी पालिसी इंस्टीट्यूट के शोध में खुलासा हुआ है कि गंगा के किनारे लगते मैदानी इलाकों में प्रदूषण का स्तर बढ़ते जाने से लोगों की उम्र सात साल कम हो गयी है। 1990 से लेकर 2016 तक के बीच के दौरान में उत्तर प्रदेश,

 बिहार, पंजाब, पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में प्रदूषण का स्तर 72 फीसदी बढा़ है। और तो और अब तो यह भी साबित हो चुका है कि गंगा के पानी में घुले एंटीबायोटिक जानलेवा साबित हो रहे हैं। यूनीवर्सिटी आफ यार्क के वैज्ञानिकों के शोध के निष्कर्षों के मुताबिक संयुक्त राष्ट्र ने एंटीबायोटिक की प्रतिरोधक क्षमता समाप्त होने को वर्तमान में स्वास्थ्य सम्बंधी समस्याओं में सबसे बडी़ समस्या माना है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार वैक्टीरिया या वायरस पर एंटीबायोटिक्स के बेअसर होने के कारण दुनिया में हर साल सात लाख मौतें होती हैं। 2030 तक यह आंकडा़ बढ़कर 10 लाख को पार कर जायेगा।

 विडम्बना यह है कि हमारे यहां गंगा से जुडी़ बहुतेरी सरकारी संस्थाएं इस तथ्य को नजरंदाज करती आ रही हैं। असलियत में गंगा के पानी के साथ सबसे बडी़ समस्या यह है कि धार्मिक भावना के वशीभूत होकर इसमें बहुत बडी़ तादाद में लोग नहाते हैं। यही नहीं उसके जल का आचमन भी करते हैं। इससे गंगाजल के सीधे मुंह में जाने से एंटीबायोटिक प्रतिरोधी वैक्टीरिया सीधे शरीर में प्रवेश कर जाता है और शरीर पर अपना असर दिखाने लगता है। यहां इस तथ्य को जान लेना जरूरी है

 कि गोमुख से लेकर गंगासागर में मिलने तक गंगा कुल 2525 किलोमीटर का रास्ता तय करती है। गंगा के इस सफर में कुल 445 किलोमीटर हिस्सा बिहार में पड़ता है। यहां 730 मिलियन लीटर सीवर का पानी बिना शोधन के सीधे गंगा में गिराया जा रहा है। यहां गंगा में हानिकारक कीटाणुओं की तादाद इतनी खतरनाक स्तर पर पहुंच चुकी है जिससे चर्म रोग होने के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां टोटल कोलिफार्म और फीकल कोलिफार्म का स्तर औसत से कई गुणा ज्यादा है।

गंगा देश की संस्कृति और आस्था की पहचान है। लेक2न अब गंगा देशवासियों के स्वास्थ्य के लिए सुरक्षित नहीं रह गयी है। अब इसके जल के पान की बात तो दीगर है, इसमें स्नान भी सेहत के लिए खतरनाक साबित हो रहा है। क्योंकि अधिकांश जगहों पर कोलिफार्म बैक्टीरिया की मात्रा मानकों से 45 गुणा अधिक पायी गयी है। गंगा के प्रदूषित जल में जानलेवा बीमारियां पैदा करने वाले ऐसे जीवाणु मौजूद हैं जिनपर अब एंटीबायोटिक दवाओं का असर नहीं होता। हालिया अध्ययन इसके प्रमाण हैं

 कि जिन्होंने गंगा नदी बेसिन में माइक्रोप्लास्टिक के उच्च प्रसार का खुलासा किया है। चूंकि माइक्रोप्लास्टिक बायोडिग्रेबल नहीं होता। वह पर्यावरण में जमा होता रहता है। ये समुद्री, पारिस्थितिक तंत्र और मीठे पानी के तंत्र को प्रदूषित करते रहते हैं और कई सरी सृप, मीन और पक्षी प्रजातियों के लिए भीषण खतरा हैं। इनकी गंगा में मौजूदगी मानव स्वास्थ्य ही नहीं प्रणीमात्र के लिए भीषण खतरा है। इस सच्चाई को झुठलाया नहीं जा सकता।

बीते माह ही एनजीटी ने गंगा में प्रदूषण सम्बंधी एक याचिका की सुनवाई के दौरान गंगा में प्रदूषण की मौजूदा स्थिति जानने हेतु एक समिति के गठन को मंजूरी दी है ताकि इस सम्बंध में सही तथ्यात्मक स्थिति की जानकारी हो सके और तात्कालिक रूप से उपचारात्मक कार्रवाई हो सके। एनजीटी अध्यक्ष न्यायमूर्ति श्री प्रकाश श्रीवास्तव की पीठ ने इस बारे में कहा कि यह याचिका पर्यावरण मानदण्डों के अनुपालन से सम्बंधित एक अहम मुद्दा उठाती है। यह समिति सही तथ्यात्मक स्थिति और आरोपों की सत्यता का पता लगायेगी।

 यहां यह जान लेना जरूरी है कि गंगा शुद्धि के अभियान में केन्द्र सरकार के सात मंत्रालयों की साख दांव पर है, वह पूरी जी जान से गंगा की सफाई अभियान में लगे हैं। फिर सवाल उठता है कि इसके बावजूद गंगा मैली क्यों है? हकीकत में गंगा तबतक साफ नहीं होगी जब तक स्थानीय निकाय ईमानदारी से अपनी भूमिका का निर्वहन न करने लग जायें और इस अभियान में जन भागीदारी की अहमियत समझते हुए उनका सहयोग लिया जाये।

 फिर सबसे अहम योगदान देश की धर्म प्राण जनता की जागरूकता का है। जब तक वह अपनी मां का महत्व नहीं समझेगी और गंगा को खुद ब खुद साफ रखने का संकल्प नहीं लेगी, तब तक गंगा की सफाई की ये सारी कबायदें बेमानी रहेंगी और गंगा साफ हो पायेगी, यह सपना सपना ही बना रहेगा। इसमें दो राय नहीं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

"मुंशी प्रेमचंद के कथा -साहित्य का नारी -विमर्श"

गांधी जी का भारतीय साहित्य पर प्रभाव "

हस्तशिल्प आर्टीजंस के प्रमोशन हेतु हुआ फ्लो जयपुर चैप्टर का ' जयपुर आर्ट फेयर

“द ग्रेट इंडियन ट्रेवल बाजार 2024“ का आयोजन 5 से 7 मई जयपुर में

इशरे का बिल्डिंग सेक्टर में स्थिरता को बनाये रखने हेतु हुआ सम्मेलन